अंतर्राष्ट्रीयउत्तर प्रदेशउत्तराखंडदेहरादूनराष्ट्रीयशिक्षाहेल्थ

सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़ में 7 नक्सली किए ढेर

Spread the love

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर और बीजापुर जिले की सीमा में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर-बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के प्लाटून नंबर-16 और इंद्रावती एरिया कमेटी के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर नारायणपुर, दंतेवाड़ा तथा बस्तर जिले के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था.

उन्होंने बताया कि दल आज सुबह 11 बजे जब क्षेत्र में था तो नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच देर तक मुठभेड़ जारी रही.

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से सात नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए हैं. मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने का अंदेशा है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

इस घटना के साथ ही इस साल राज्य में सुरक्षाबलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में अब तक 112 नक्सली मारे जा चुके हैं. इससे पहले 10 मई को बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए थे.

इस ऑपरेशन के दौरान माओवादियों द्वारा किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गए थे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफल ऑपरेशन के लिए सुरक्षाबलों और वरिष्ठ अधिकारियों को बधाई दी थी.

वहीं, 30 अप्रैल को नारायणपुर और कांकेर जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन महिलाओं सहित 10 नक्सली मारे गए थे. इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने 16 अप्रैल को कांकेर जिले में मुठभेड़ में 29 नक्सलियों को मार गिराया था.कांकेर मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में टॉप नक्सली कमांडर शंकर राव भी शामिल था, जिसके सिर पर 25 लाख रुपये का इनाम था. मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *