लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज यूपी की आठ सीटों पर मतदान जारी
उत्तरप्रदेश। अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे।
यूपी में सुबह नौ बजे तक 24.31 फीसदी मतदान
अलीगढ़ में 11 बजे तक 24.42 प्रतिशत वोटिंग
अमरोहा में 11 बजे तक 28.45 प्रतिशत मतदान
बागपत में 11 बजे तक 22.74 प्रतिशत मतदान
बुलंदशहर में 11 बजे तक 23.43 फीसदी वोटिंग
गौतमबुद्धनगर में 11 बजे तक 24.26 प्रतिशत मतदान
गाजियाबाद में 11 बजे तक 23.19 फीसदी मतदान
मथुरा में 11 बजे तक 23.07 फीसदी मतदान
मेरठ में 11 बजे तक 25.67 फीसदी मतदान
हापुड़ का 11 बजे तक 27.19 प्रतिशत मतदान
मेरठ के खरखौदा में अधिकतर बूथ खाली, मतदाताओं का दिखा ऐसा रुझान
लोकसभा चुनाव में इस बार के मतदान में मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में अधिकतर बूथ खाली पड़े हैं। जिस बूथ पर करीब 1500 से अधिक का पोलिग है वहां 11:00 बजे से पहले ही बूथ खाली पड़े हैं। लोग इस मतदान में कम ही रुचि लेते दिखाई दे रहे हैं। मतदान में जहां त्यागी समाज, दलित, गुर्जर व अन्य सभी बिरादरियों में बिखराव नजर आ रहा है।
खरखौदा क्षेत्र के दलित समाज का बोट बसपा के साथ है वहीं इसी समाज का युवा वोटर अपने समाज के प्रत्याशी सुनीता वर्मा के पक्ष में वोट करता नजर आ रहा है। उधर त्यागी समाज के वोटर का बड़ा हिस्सा भाजपा पार्टी से जुड़ा है और प्रत्याशी अरुण गोविल के पक्ष में मतदान कर रहा है।
वहीं त्यागी समाज के कुछ लोगों का कहना है कि सामाजिक पार्टी हित से पहले देश हित है। उधर गुर्जर समाज के वोटर का कहना है कि यदि सपा पार्टी से अतुल प्रधान को टिकट होता तो समाज का काफी बड़ा हिस्सा उसके साथ होता लेकिन अब गुर्जर समाज का काफी बड़ा हिस्सा बीजेपी के समर्थन में मतदान कर रहा है।
ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार
अलीगढ़ में जवां के ग्राम सीयेपुर और सूरजपुर में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है। सुबह 9:45 तक ग्रामीणों ने मतदान नहीं किया। थाना खैर अंतर्गत गांव गढ़ी मथना से चुनाव बहिष्कार की खबर आई है। पिछले दो साल में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत होने के बाद भी उस लाइन को न हटाए जाने से लोग नाराज हैं। ग्रामीणों को मनाने में अधिकारी जुटे हैं। एसडीएम और एसडीओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन देने के बाद पहला वोट 10:05 पर डाला गया।
मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही आधी आबादी
मतदान में मेरठ की महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। मेरठ के केएल इंटरनेशनल स्कूल में बने बूथ पर मतदान के बाद हिमानी बोलीं शहर व देश का कराना है, विकास तो महिलाओं को वोट डालने के लिए आगे आना होगा। वहीं शहर के आरजी इंटर कॉलेज में बने बूथ पर फर्स्ट वोटर तेजस्वी त्यागी ने कहा कि पहला वोट था ईवीएम मशीन पर बटन दबाया। रोजगार, सफाई के मुद्दे पर वोट दिया।
बीना सक्सेना, सुभाष नगर ने 18 वर्ष के बाद से लगातार वोट कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कभी मेरा वोट खराब नहीं गया। जो भी सांसद हो वो सभी को साथ लेकर चले, सबका साथ दे, सबका विकास करे। रमा त्यागी ने कहा कि 20 वर्ष से लगातार वोट कर रही हूं। मुद्दे बहुत हैं लेकिन आज तक किसी को योजनाओं का लाभ नहीं मिला,फिर भी अपने मत का प्रयोग किया है।
गौड़ इंटरनेशनल स्कूल में खाली दिखे बूथ
रबूपुरा क्षेत्र के भईपुर गांव में दिव्यांग कौशल शर्मा मतदान करने के लिए पहुंचे। ग्रेनो वेस्ट में जोश नहीं दिख रहा। गौड़ इंटरनेशनल स्कूल में सुबह-सुबह बूथ खाली दिखाई दिए, जबकि यहां पर पहले सबसे अधिक भीड़ रहती थी। बिलासपुर स्थित राजिंदर इंटर कॉलेज में अन्दर व बाहर सुनसान की स्थिति है। मात्र एक बूथ पर ही वोटर हैं। बीएलओ की लापरवाही के कारण कंट्रोल रूम में फोन की घंटी बज रही हैं, लिस्ट में नाम नहीं होने की शिकायत आ रही है।
वोट डालने आया युवक बेहोश होकर गिरा
दनकौर में एक मतदान केंद्र पर दौरा पड़ने से वोट डालने आया युवक बेहोश होकर गिर गया। मेहंदीपुर गांव में मतदान के लिए मतदाताओं की लंबी कतार लगी है। व्हीलचेयर पर वोट डालने आए व्यक्ति नानक ने बताया कि वोट डलवाने के लिए घर पर कोई नहीं आया। वहीं, पोलिंग बूथ पर पहली बार एनसीसी के छात्र ड्यूटी दे रहे हैं।
