NDA में वापसी के बाद पहली बार सीएम नीतीश ने पीएम मोदी से की मुलाकात
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के लोक कल्याण मार्ग पर स्थित प्रधानमंत्री आवास पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बिहार में एनडीए की नई सरकार बनने के बाद सीएम नीतीश की यह प्रधानमंत्री से पहली मुलाकात है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस मुलाकात की तस्वीरें ‘एक्स’ पर शेयर की हैं। तस्वीर में दोनों नेता गर्मजोशी से हाथ मिला रहे है। इस दौरान सीएम नीतीश ने पीएम मोदी को गुलदस्ता भी भेंट किया।
बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में एनडीए में सीटों का बंटवारा होना है। पिछले लोकसभा चुनाव में जेडीयू और बीजेपी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं, पिछले चुनाव में जेडीयू और बीजेपी ने 17-17 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। बीजेपी को 17 और जेडीयू को 16 सीटों पर जीत मिली थी।
