CM धामी बोले-‘टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का सर्वे पूरा’
बागेश्वर। बुधवार को पार्टी प्रत्याशी पार्वती दास के समर्थन में नुमाइशखेत मैदान में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि पीएम मोदी जो कहते हैं, वह करते हैं। उन्होंने 2022 के चुनाव में टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का निर्माण कराने की घोषणा की। पिछले दिनों वंदे भारत रेल सेवा की शुरूआत करते हुए पीएम ने एक बार फिर टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का निर्माण करने की घोषणा की। पीएम की घोषणा के अनुरूप रेल लाइन की सर्वे पूरी हो गई है। बागेश्वर के लोगों का रेल का सपना आने वाले समय में पूरा होगा। भाजपा की सरकार बागेश्वर तक रेल पहुंचाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का सपना साकार करने की दिशा में तेजी से कदम उठा रहे हैं। पीएम की घोषणा के अनुरूप टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन की ब्राडगेज सर्वे का काम पूरा हो गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की तरह कुमाऊं के पहाड़ी इलाकों को जोड़ने वाली टनकपुर-बारेश्वर रेल लाइन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। धामी ने कहा कि दिवंगत कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास विकास की पुख्ता नींव डाल गए हैं। बागेश्वर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सीएम बागेश्वर की स्वास्थ्य, पेयजल सुविधा के साथ ही सीवर लाइन, रोडवेज डिपो, स्टेडियम समेत कई उपलब्धियों को जनता के सामने रख गए।
