3 मई तक कुरुक्षेत्र जिले के प्रवास पर रहेंगे सीएम मनोहर लाल, आमजन की समस्याओं को सुनकर करेंगे समाधान
हरियाणा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक से तीन मई तक कुरुक्षेत्र जिले में प्रवास पर रहेंगे, जहां वे जनसंवाद कार्यक्रमों के जरिए आमजन की समस्याओं को सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। मुख्यमंत्री इन कार्यक्रमों की शुरूआत एक मई को गांव झांसा में ग्राम सचिवालय के जनसंवाद कार्यक्रम से करेंगे। यह कार्यक्रम लगभग 11 बजे से लेकर 12.30 तक चलेगा। इसके बाद पहले दिन गांव नलवी और फिर गांव खरींडवा में जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
इसके उपरांत गांव खरींडवा के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लगभग 4.15 पहुंचेंगे और जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को सुनेंगे। इन सभी कार्यक्रमों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा के अनुसार दो मई को मुख्यमंत्री मनोहर लाल गांव धुराला के पशु अस्पताल के प्रांगण में सुबह 10.20 से सुबह 11.50 बजे तक, गांव ज्योतिसर के खेल मैदान में दोपहर 12.40 से दोपहर 2.10 बजे तक व गांव अभिमन्युपुर के सामुदायिक केंद्र में सायं चार बजे से सायं 5.30 बजे तक जनसंवाद कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल 3 मई को गांव बारना के खेल मैदान में सुबह 10 बजे से सुबह 11.30 बजे तक, गांव थाना के पुराने ब्रह्मसरोवर कॉम्प्लेक्स में दोपहर 12.30 बजे से दोपहर दो बजे तक और गांव कराह साहब के खेल मैदान नजदीक राजकीय मिडिल स्कूल में सायं 3.30 से सायं पांच बजे तक जनसंवाद कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
