मुख्यमंत्री योगी अपने दूसरे कार्यकाल के दूसरे साल की शुरुआत में ही गोरक्षनगरी और कुशीनगर को देंगे छह हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
उत्तर प्रदेश। अपने दूसरे कार्यकाल के दूसरे साल की शुरूआत में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरक्षनगरी और कुशीनगर को करीब छह हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार को गोरखपुर के खोराबार में आयोजित कार्यक्रम में 3838 करोड़ रुपये और बुधवार को कुशीनगर के खड्डा तहसील में 1968 करोड़ रुपये के विकास कार्याें को लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री मंगलवार को वासंतिक नवरात्र के पावन अवसर पर खोराबार टाउनशिप योजना व मेडिसिटी लांच करेंगे। गोरखपुर विकास प्राधिकरण ( जीडीए ) की तरफ से शहर में नई आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए खोराबार टाउनशिप तथा एक परिधि विशेष में उच्च स्तरीय व विविधतापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए मेडिसिटी का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। मंगलवार शाम मुख्यमंत्री इन दोनों प्रोजेक्ट को लांच करेंगे।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, जीडीए, अवस्थापना और त्वरित आर्थिक विकास निधि की 3838 करोड़ रुपये की 147 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी करेंगे। 109.25 एकड़ की खोराबार टाउनशिप में भूखंड और बहुमंजिला भवन, दोनों ही सुविधाएं लोगों के सामने विकल्प रूप में होगी।
इन फ्लैट के साथ ही तारामंडल व राप्तीनगर विस्तार रोहिणी योजना में एमआईजी, एचआईजी व सुपर एचआईजी के कुल 1584 फ्लैट मिवान तकनीकी से बनेंगे। इन सभी को भी मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाएंगे। दोपहर में दाउदपुर स्थित भारत सेवाश्रम के कार्यक्रम के दौरान ही मुख्यमंत्री नगर निगम के 119 कूड़ा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे। ये वाहन 11 करोड़ की लागत से खरीदे गए हैं।
