हरिद्वार, सुबह से ही शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंच रहे भक्त
हरिद्वार। महाशिवरात्रि की धूम हरिद्वार में भी देखने को मिल रही है। यहां हरकी पैड़ी पर भक्त पावन डुबकी लगा रहे हैं। वहीं आशुतोष की ससुराल कनखल के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भोर से ही श्रद्धालु जलाभिषेक को पहुंच रहे हैं। बम बम भोले के जयकारों से पूरा हरिद्वार गूंजायमान है। भगवान भोले शंकर को अति प्रिय गंगाजल, बेलपत्र , भांग, धतूरा चढ़ाकर शिवकृपा की कामना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रित करने को बैरिकेडिंग से होकर श्रद्धालुओं को भेजा जा रहा है। धर्मनगरी के बिल्केश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी जलाभिषेक चल रहा है।
