नए साल के स्वागत और पर्यटकों की सुविधा को लेकर आज से 2 जनवरी तक 24 घंटे खुले रहेंगे होटल, रेस्टोरेंट
देहरादून। हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर अब उत्तराखंड में भी शुक्रवार से दो जनवरी तक होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, चाय व खान-पान की दुकानें और बार 24 घंटे खुले रहेंगे। नए साल के स्वागत और पर्यटकों की सुविधा के दृष्टिगत शासन ने यह कदम उठाया है।
नए साल के स्वागत के लिए पर्यटकों के उत्तराखंड की वादियों में उमडऩे की संभावना है। इसे देखते हुए सरकार भी पर्यटकों की सुविधा के दृष्टिगत सक्रिय हो गई है। इसी कड़ी मे अपर सचिव पर्यटन सी रविशंकर ने आदेश जारी कर शुक्रवार से दो जनवरी तक राज्य के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, चाय व खान-पान की अन्य दुकानें 24 घंटे खुला रखने की अनुमति जारी की है।
साथ ही कहा है कि इसके सभी को सुसंगत नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। उधर, सचिव आबकारी एचसी सेमवाल ने बताया कि राज्य में सभी बार और होटल के बार भी दो जनवरी तक 24 घंटे खुले रहेंगे।
पुराने साल की विदाई और नए साल के स्वागत के लिए वन क्षेत्रों के आसपास के होटल, रिसार्ट व वन विश्राम गृहों में चल रही तैयारियों ने वन विभाग की नींद उड़ाई हुई है। चिंता इस बात की है कि जश्न के माहौल में वन्यजीवों की जान सांसत में रहेगी। साथ ही यदि कोई जंगल के भीतर जा धमके और पेड़ों पर आरी चल गई तो…।
यद्यपि, विभाग का दावा है कि किसी भी स्थिति से निबटने के लिए उसकी तैयारी पूरी है। वन विभाग के मुखिया प्रमुख मुख्य वन संरक्षक विनोद कुमार सिंघल के अनुसार सभी क्षेत्रों में गश्त की जा रही है।
